Mandsaur News: तीसरी बार ‘संसद रत्न’ बने सांसद सुधीर गुप्ता, विकास कार्यों में सक्रियता को लेकर मिला अवार्ड
संस्था द्वारा पूरे देश के सांसदों को उनके लोकसभा कार्यकाल में निरंतरता और उनके प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग श्रेणी से उनके द्वारा किए गए कार्यों पर यह पुरस्कार वितरित करती है। इस पुरस्कार की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के कहने पर की गई थी।
By Paras Pandey
Edited By: Paras Pandey
Publish Date: Sat, 17 Feb 2024 08:08:25 PM (IST)
Updated Date: Sat, 17 Feb 2024 08:15:05 PM (IST)
सांसद सुधीर गुप्ता तीसरी बार संसद रत्न अवार्ड से सम्मानित हुए हैं। मंदसौर, (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सांसद सुधीर गुप्ता तीसरी बार संसद रत्न अवार्ड से सम्मानित हुए हैं। दिल्ली में प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में तेलंगाना व पुडुचेरी राज्यपाल डॉ. तमिलिसे सौंदरराजन, गृह राज्य मंत्री अमित मिश्रा, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश संजय किशन कौल, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष हंसराज अहीर ने यह अवार्ड सांसद सुधीर गुप्ता को सौंपा। इससे पूर्व सांसद गुप्ता को फेम इंडिया अवार्ड एवं भारत गौरव लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
संस्था द्वारा पूरे देश के सांसदों को उनके लोकसभा कार्यकाल में निरंतरता और उनके प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग श्रेणी से उनके द्वारा किए गए कार्यों पर यह पुरस्कार वितरित करती है। इस पुरस्कार की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के कहने पर की गई थी।
उन्होंने स्वयं 2010 में चेन्नई में पहले पुरस्कार समारोह का उद्घाटन किया था। यह भारत में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले सांसदों को सम्मानित करने के लिए नागरिक समाज द्वारा दिया जाने वाला एकमात्र पुरस्कार है।
सुधीर गुप्ता को यह पुरस्कार क्षेत्र में लगातार सक्रियता, किसान हितैषी योजनाओं और उनके विकास पर किए गए निरंतर कार्यों के साथ ही संसदीय क्षेत्र में रेलवे के अभूतपूर्व विकास और नीमच व मंदसौर में मेडिकल कालेज जैसी बड़ी उपलब्धियों के लिए दिया गया है।
2014 से पूर्व अफीम किसानों को लाइसेंस के लिए कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता था, वहीं आज सांसद गुप्ता ने आसान लाइसेंस प्रक्रिया कराई। इसके चलते किसानों को लाभ मिला और हजारों पट्टे बहाल हुए। सांसद ने इस पुरस्कार को क्षेत्र की जनता और देश में मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को समर्पित किया है, जो लगातार देश की जनता और किसानों के विकास व कल्याण के लिए कार्य कर रही है।