
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर : मादक पदार्थों की मंडी के रूप में मशहूर मंदसौर जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त भी हो रही है। मप्र-राजस्थान की सीमा पर स्थित ग्राम मालीपुरा इन अपराधियों का बड़ा अड्डा बन गया है। यहां उप्र से कारतूस व सिकलीगरों से देशी कट्टे लेकर खपाने का कार्य कर रहे चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। इनके पास से 700 कारतूस व 2 देशी पिस्टल जब्त हुई है।
अभी तक की पूछताछ में आरोपितों ने लगभग 60 से 70 देशी कट्टे व सैकड़ों कारतूस बेचने की बात कबूली है। अब इनके इंदौर, उज्जैन व उप्र के कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं। एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
हथियार बेचने वाले एक बड़े गिरोह को भवानीमंडी से लगे मालीपुरा से गिरफ्तार किया गया है। मालीपुरा तिराहे पर यह देशी कट्टे और 700 कारतूस लेकर कही खपाने जा रहे थे। भानपुरा थाना प्रभारी उनि विनय बुंदेला और भैसोदामंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव की टीम ने कार्रवाई की है। पुलिस को कई दिनों से मालीपुरा से इनपुट मिल रहा था कि यहां अवैध हथियार की खरीद फरोख्त का कार्य चल रहा है।
इसके बाद लगातार निगाहे बनाए रखी तो मालीपुरा तिराहे पर 22 वर्षीय आदिल मिर्जा पुत्र कल्लू बेग मिर्जा निवासी जवाहर कालोनी भवानीमंडी (राज.), 19 वर्षीय रिहान पुत्र आजाद खान निवासी मालीपुरा, 28 वर्षीय इरफान पुत्र फरमान अली निवासी पानपुरिया मोहल्ला सीतामऊ, 76 वर्षीय फरमान अली पुत्र सुलेमान अली निवासी पानपुरिया मोहल्ला सीतामऊ सभी जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया।
इनमें फरमान अली व इरफान अली पिता-पुत्र है। चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से कुल 700 कारतूस, 2 देशी पिस्टल व 4 एंड्राइड मोबाइल फोन जब्त किए है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अंतिम गौड़, आरक्षक जितेंद्र कोठे (मुख्य भूमिका), आरक्षक बहादुर भूरिया व टीम शामिल रही।
आरोपितों में फरमान अली व इरफान अली मूल रूप से उप्र के मैनपुरी के रहने वाले हैं। और कुछ समय से पानपुरिया मोहल्ला सीतामऊ में आकर रह रहे हैं। यह दोनों पहले उप्र से ही देशी कट्टे और कारतूस लेकर आते थे और मंदसौर से लेकर उज्जैहन, इंदौर, रतलाम तरफ खपाते थे। बाद में उप्र में इनको देशी कट्टे देने वाला जेल में बंद हो गया तो आरोपितों ने खरगोन, धार जिले के सिकलीगरों से संपर्क कर देशी कट्टे लेने लगे।
सिकलीगर इनसे कारतूस ले रहे हैं और आरोपित उनसे देशी कट्टे ले रहे थे। आरोपित पिता-पुत्र एक दिन पहले रात में ही उप्र के मैनपुरी से कारतूस लेकर आए थे और भवानीमंडी स्टेशन पर उतरकर मालीपुरा पहुंचे थे कि पुलिस ने पकड़ लिया। अब पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है कि हथियार व कारतूस कहा पर सप्लाई करने वाले थे। आरोपितों के बैंक ट्रांजेक्शन डीटेल व काल डीटेल की भी जांच की जा रही है।
एसपी के अनुसार आरोपित देशी पिस्टल को 20 हजार में रुपये में बेचते हैं। पुलिस ने ही दोनों देशी पिस्टल की कीमत 40 हजार रुपये बताई है। वहीं एक कारतूस की कीमत 450 रुपये बताई गई है। पुलिस ने जब्त 700 कारतूस की कीम 3.15 लाख रुपये बताई है। फरमान अली और इरफान के विरुद्ध सीतामऊ थाने में 2019 में भादसं की धारा 323, 506, 34 व अजा अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)द, 3(1)ध, 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज है।