
नईदुनिया न्यूयज, शामगढ़ (मंदसौर) : पुलिस ने बुधवार को समीपी ग्राम बरखेड़ा उदा में सरपंच पति भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बाड़े से एक स्कॉर्पियो से 1 करोड़ 29 लाख रुपये बरामद किए है। जीप में छुपाए गए रुपयों को बाहर निकालने के लिए मैकेनिक को बुलाना पड़ा।
सरपंच पति के घर से ही बरेली (उप्र) के दो लोग भी मिले हैं जो पुलिस को अपनी मौजूदगी के सही कारण नहीं बता पाए। स्कॉर्पियो भी बरेली निवासी ही लेकर आए थे। आशंका है कि यह रुपये मादक पदार्थ खरीदने के लिए ही इकट्ठा किया गया है। शामगढ़ थाने पर तीनों को हिरासत में रखा गया है अब आयकर विभाग की टीम इनसे रुपये के स्त्रोत के बारे में पूछताछ करेगी।
शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ग्राम बरखेड़ा उदा पहुंची। यहां सरपंच पति भवानीशंकर मीणा के घर, खेत, बाड़े की तलाशी ली। बाड़े में खड़ी बिना नंबर की स्कॉर्पियो की जांच की, पर कुछ नहीं दिखा।
इसके बाद शंका होने पर शामगढ़ से कार मैकेनिक को बुलाकर जीप की बॉडी को खुलवाया गया। उसमें छुपा कर रखे 1 करोड़ 29 लाख रुपये मिले। पुलिस को मौके से सरपंच के के साथ ही 47 वर्षीय मो. इस्लाम पुत्र मो. वसीम पठान निवासी प्रतापपुर जीवनसहाय बरेली (उप्र) व 59 वर्षीय सूर्यप्रकाश पुत्र कृष्ण स्वरूप गंगवाड़ निवासी सेंट्रल इस्टेट कालोनी बरेली (उप्र) मिले।
अभी तीनों आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और उनसे इतनी बड़ी राशि साथ लाने के लिए पूछताछ की जा रही है पर वह कोई सही कारण नहीं बता पा रहे हैं। अब जब्त राशि के संबंध में आयकर विभाग को सूचित कर दिया है वह आगे की कार्रवाई करेंगे। बरखेड़ा उदा सरपंच पति भवानीशंकर मीणा शराब ठेकेदार भी हैं। इनकी शराब दुकानें मेलखेड़ा, खड़ावदा शामगढ़ क्षेत्र में हैं।
यह भी पढ़ें- कांकेर में माओवादी डंप से मिले 20 लाख रुपये गायब, दो डीएसपी पर आपस में बांटने का आरोप; विभाग में हड़कंप