
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू- सांवेर। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर से जुड़ाव वाले हातोद क्षेत्र के ग्राम पालिया में धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए ‘रुद्राक्ष लोक’ आकार ले रहा है। इस प्राचीन तपोभूमि पर भगवान शिव के भव्य मंदिर के साथ 51 फीट ऊंचे खड़े हनुमान की मूर्ति स्थापित होगी।
यह संभाग की सबसे ऊंची खड़े हनुमान की मूर्ति होगी, जिसकी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। प्राचीन अवशेषों, गढ़ी और ऐतिहासिक प्रवेश द्वार के कारण यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ पुरातात्विक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पालिया के उपसरपंच आशीष तिवारी ने बताया कि पालिया में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर द्वारा शिव मंदिर की स्थापना की गई थी। इसी धार्मिक विरासत को केंद्र में रखते हुए अब यहां रुद्राक्ष लोक का निर्माण हो रहा है। रुद्राक्ष लोक करीब एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में विकसित होगा। जिसकी संरचना जलाधारी के स्वरूप से प्रेरित है। शिव मंदिर और विराट हनुमान प्रतिमा के साथ पूरा क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री और स्थानीय विधायक तुलसीराम सिलावट द्वारा ने भी धार्मिक महत्व के इस स्थल को विकसित करने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में धार्मिक गतिवधियां बढ़ेंगी और धार्मिक पर्यटन का भी विकास होगा। रुद्राक्ष लोक की खासियत केवल नया निर्माण ही नहीं, बल्कि यहां मौजूद प्राचीन ऐतिहासिक अवशेष भी हैं।
परिसर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर से जुड़ी एक पुरानी संरचना मौजूद है, जिसे स्थानीय ग्रामीण भाषा में ‘गढ़ी’ कहा जाता है। इसके अलावा प्राचीन प्रवेश द्वार भी यहां की ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है। परिसर में प्रस्तावित धार्मिक स्वरूप की सबसे विशेष अवधारणाओं में नंदी के हाथों में शिवलिंग की स्थापना शामिल है।
यह भी पढ़ें- भोजशाला में सड़क पर नमाज पढ़ने के लिए बिछा रहे थे बरसाती, प्रशासन ने रोका, फिर गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ