
नईदुनिया न्यूज, कजलाना (महू) । विगत करीब 15 दिनों से धरमपुरी क्षेत्र में अर्धविक्षिप्त अवस्था में घूम रही एक महिला को सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विनोद चंदानी की पहल से उसके परिवार से मिलाया। महिला की पहचान गुड़ियाबाई, निवासी खजूरी, जिला गुना के रूप में हुई।
विनोद चंदानी ने महिला से बातचीत कर उसका नाम और पता जानने का प्रयास किया। महिला द्वारा जानकारी बताने पर चंदानी ने गुना निवासी शिक्षक श्यामबिहारी शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद भार्गव तथा जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के निजी सुरक्षा अधिकारी गणेश जोशी से संपर्क किया।
उन्होंने महिला का फोटो भेजकर उसके परिवार का पता लगाने में सहयोग मांगा। इसके बाद महिला का फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। जिसके बाद इंदौर के गौरी नगर में रहने वाले महिला के दो पुत्र धर्मेंद्र ओझा एवं अंकित ओझा धरमपुरी पहुंचे और उन्होंने अपनी मां की पहचान की।
पुत्रों ने बताया कि उनकी मां करीब तीन वर्षों से घर से लापता थीं। उन्होंने मां को काफी तलाश किया था तथा संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। धरमपुरी पहुंचने पर गुड़ियाबाई ने शुरुआत में अपने बड़े पुत्र धर्मेंद्र को पहचान लिया।
इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से उन्होंने अपने अन्य स्वजनों से भी बात की। तत्पश्चात विनोद चंदानी अपने वाहन से विनोद जायसवाल के साथ रात में गुड़ियाबाई को इंदौर लेकर पहुंचे और स्वजनों से मिलवाया। इस मानवीय पहल में पुलिस प्रशासन अजय चौहान, गोलू ठाकुर, अर्जुन माली, दिनेश अग्रवाल, मेहताब सिंह कच्छावा, मदन प्रजापत, पलकेश जायसवाल, ऋतिक योगी सहित अनेक ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। महिला के परिवार ने सभी का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- बेटियों का पिता के लिए ऐसा प्यार, 1400 किमी दूर से ढूंढ़ने चली आईं भोपाल, ट्रेन विवाद के बाद हुए लापता