
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू : पहाड़ी इलाके में स्थित खेत तक पहुंचने के लिए पुलिस को करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। खेत में अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बड़गोंदा पुलिस ने गुरुवार को ग्राम नाहरखोह, तेलनबर्डी में कार्रवाई कर 210 हरे गांजे के पौधे जब्त किए।
इनका कुल वजन 67 किलो 400 ग्राम है। पुलिस ने खेत में अवैध खेती के आरोप में मदन पुत्र बालूसिंह गिरवाल (41) को पकड़ा है। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार मदन के पास गांजे की खेती के लिए वैध लाइसेंस नहीं था।
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली। अरहर की फसल के बीच लगे गांजे के पौधों की पहचान कर उन्हें जब्त किया गया। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल की नारकोटिक्स शाखा के निर्देश पर 27 अक्टूबर से अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बड़गोंदा पुलिस ने यह कार्रवाई की। इसमें सहायक उप निरीक्षक मिथुन ओसारी, जगदीश डावर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
नीमच। केंद्र सरकार की नई अफीम नीति को लेकर किसान नेता राजकुमार अहीर ने किसानों के हितों से जुड़ी मांगें उठाते हुए 30 अक्टूबर को नीमच में किसान एकजुटता का आव्हान किया है। उन्होंने कहा कि नई नीति में मार्फिन की निर्धारित मात्रा 4.2 से बढ़ाकर 4.4 किए जाने से कई किसानों के चीरे वाले पट्टे प्रभावित हुए हैं।
वहीं, सीपीएस पद्धति के तहत 90 किलो से अधिक औसत डोडा देने वाले किसानों को भी केवल पांच आरी के पट्टे दिए जाने से किसानों में असंतोष है। किसान नेता अहीर ने बताया कि किसानों को वर्ष 1997-98 के पुराने पट्टों की बहाली की उम्मीद थी, लेकिन नई नीति में इस संबंध में भी कोई राहत नहीं मिली।
किसानों की मांगों को लेकर 30 अक्टूबर सुबह 11:30 बजे नीमच के आंबेडकर सर्कल, मेसी चौराहा पर किसान एकत्रित होंगे। यहां से नारकोटिक्स कार्यालय तक मार्च निकालकर उप नारकोटिक्स आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यह भी पढ़ें- धार के 7 थाना क्षेत्रों में ₹8.20 करोड़ के गांजे के 6863 पौधे जब्त, 12 मामले दर्ज, एक गिरफ्तार; कई फरार