
नईदुनिया न्यूज, सिमरोल। इंदौर की महू तहसील के सिमरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-खंडवा मार्ग के भेरूघाट पर यातायात व्यवस्था बिगड़ चुकी है। वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण पिछले तीन दिनों से लगातार जाम की स्थिति बन रही है। यह जाम करीब तीन से छह किमी तक लंबा लग रहा है।
शुक्रवार को घाट के तीन किलोमीटर हिस्से में जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों यात्री फंसे रहे। जाम में भारी वाहन भी फंसे रहे। इस दौरान पुलिस व स्थानीय लोगों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया।
सिमरोल पुलिस के मोर्चा संभालने के बाद भी जाम खत्म नहीं हुआ। तीन दिनों में कई बार सिमरोल तलाई नाका से बाईग्राम तक आठ किमी तक का लंबा जाम भी लगा। इसमें यातायात कछुए की चाल में चलता रहा।
जिससे वाहनों को सिमरोल से घाट उतरने तक करीब चार घंटे से अधिक का समय लग गया। शुक्रवार दोपहर करीब एक से शाम पांच बजे तक जाम लगा रहा। इसके कारण कई लोग अपने गंतव्य तक ही नहीं पहुंच पाए।
यह भी पढ़ें- इंदौर-खंडवा-इच्छापुर राजमार्ग पर बन रही तीन आधुनिक सुरंगें, जनवरी से शुरू होगी तीन लेन की आवाजाही
यह भी पढ़ें- इंदौर के भेरुघाट में बेकाबू ट्रक ने दो कारों और ट्रक को मारी टक्कर, तीन की मौत, क्रेन से निकाले गए फंसे हुए शव