
नईदुनिया प्रतिनिधि, बेटमा। इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर बेटमा गुरुद्वारे के समीप मंगलवार शाम एक स्क्रैप गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में जमा रबर, प्लास्टिक और अन्य औद्योगिक कचरे के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
आसमान में काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। गोदाम के आसपास रहवासी बस्ती होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बेटमा और पीथमपुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे हाईवे किनारे स्थित गोदाम से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे कबाड़ को अपनी चपेट में ले लिया। रबर और प्लास्टिक जैसी ज्वलनशील सामग्री के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आग के बस्ती तक पहुंचने की आशंका के चलते स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
आग की सूचना पर बेटमा पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। आग की तीव्रता को देखते हुए पीथमपुर से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। पुलिस के मुताबिक, गोदाम में रबर, प्लास्टिक सहित विभिन्न प्रकार का औद्योगिक वेस्ट एकत्रित किया जाता है।
यह भी पढ़ें- देवास हादसों का हाइवे: एक जगह कार में लगी आग, दूसरी जगह गाड़ियों की टक्कर से लगा लंबा जाम
यहां से इस सामग्री को वाहनों के माध्यम से कंपनियों तक पहुंचाया जाता है। कबाड़ में ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने देर रात तक गोदाम संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया। घटना के बाद उनसे बात नहीं हो पाई। राहत की बात यह है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।