
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अंचल की पांच तहसीलों से निकले इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर आवागमन मुश्किलों भरा होने के साथ ही खतरनाक भी बना हुआ है। सड़क हादसों के लिहाज से डेंजर जोन में शामिल धनतालाब घाट व चापड़ा-मोखापीपल्या के बीच कालीसिंध नदी के पुल पर मंगलवार देर रात व बुधवार सुबह हुए हादसों ने एक बार फिर से वाहन चालकों व यात्रियों की चिंता बढ़ा दी।
घाट पर कार को टक्कर मारकर डंपर का चालक वाहन सहित भाग निकला, बाद में खड़ी कार में आग लग गई। वहीं चापड़ा व मोखापीपल्या के बीच स्थित अंग्रेजों के समय के कालीसिंध नदी के संकरे पुल पर बस व डंपर के बीच भिड़ंत हो गई।
गनीमत यह रही कि दोनों ही हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई लेेकिन पुल पर वाहनों की भिड़ंत के बाद लंबा जाम लग गया जिसके कारण वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम लंबा होने का पता चलने पर वाहन चालकों ने बागली, पुंजापुरा, कांटाफोड़ होते हुए आवागमन किया।

इंदौर निवासी रोहित गुर्जर कार से धनतालाब घाट से निकल रहे थे। सुबह करीब चार बजे डंपर के चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार में कुछ खराबी आ गई। कार घाट पर ही सड़क किनारे खड़ी करके रोहित बिजवाड़ पहुंच गए और पुलिस सहायता केंद्र में सूचना दी। उधर उनकी कार में सुबह करीब सात बजे अज्ञात कारण के चलते आग लग गई। प्रधानारक्षक शिवकुमार सिंह ने बताया टक्कर मारने वाले डंपर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में रिंग रोड और एबी रोड पर फ्लाईओवर अधूरे, जनता भुगत रही ट्रैफिक जाम की सजा
मोखापीपल्या में कालीसिंध नदी के पुल पर मंगलवार देररात करीब तीन बजे इंदौर-नागपुर बस व डंपर के बीच भिडंत हो गई। इसके कारण जाम लगा और दोनों ओर कई किमी तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर कमलापुर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन जाम खुलवाने के प्रयासों में सफलता सुबह 11 बजे तक नहीं मिल सकी थी।
इसके बाद क्रेन का उपयोग करके वाहनों अलग करने का प्रयास शुरू किया गया। कमलापुर थाना प्रभारी एसएस मीणा ने बताया हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन जाम लंबा लग गया था, खुलवाने के प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर को एक साल और झेलना होगा जाम: रिंग रोड के 4 फ्लाईओवर बने कारण, सर्विस रोड पर रेंग रहे वाहन