Mhow News: भारत जोड़ो यात्रा के लिए खेल संकुल का काम बंद, 3500 रुपये किराया लेगा परिषद
Mhow News: छावनी परिषद के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट खेल संकुल का कार्य बंद हो गया है। इसका कारण है राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा। राहुल गांधी यात्रा के स ...और पढ़ें
By Nai Dunia News NetworkEdited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Wed, 23 Nov 2022 12:11:20 AM (IST)Updated Date: Wed, 23 Nov 2022 12:28:22 AM (IST)

Mhow News: महू (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की वजह से छावनी परिषद के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट खेल संकुल का कार्य बंद हो गया है। राहुल गांधी यात्रा के साथ 26 नवंबर को महू पहुंचेंगे। उसी रात दशहरा मैदान में ही विश्राम करेंगे। इसके कारण खेल संकुल का काम बंद हो गया है। 19 महीने पुराने खेल संकुल प्रोजेक्ट का कार्य सितंबर माह में ही शुरू हुआ था। इससे पहले इसके लिए प्रस्ताव पास करने और जमीन समलीकरण ही किया जा रहा था। 27 नवंबर तक यह कार्य बंद रहेगा। छावनी परिषद दशहरा मैदान में रात्रि विश्राम के लिए 3500 रुपये किराया वसूलेगी। जिसमें बिजली, सैनिटेशन सहित अन्य सुविधा भी देगी।
स्थानीय प्रशासन से लेनी होगी अनुमति
खेल संकुल में दो माह में परिषद ने पूरे मैदान में रैलिंग लगा कर कवर किया है। साथ ही वाकिंग ट्रैक का काम भी शुरू हुआ है। पानी निकासी के लिए भी नाली बन चुकी है। पर अब यह कार्य 21 नवंबर यानी सोमवार से बंद हो चुका है, जो कि 27 तक बंद रहेगा। हालांकि महू छावनी परिषद के अधिकारियों का कहना है कि अभी हमने अनुमति नहीं दी है। हमने आवेदक अंतर सिंह दरबार को पहले स्थानीय प्रशासन से अनुमति लेने के लिए कहा है। इसके बाद हम अनुमति देंगे। महू छावनी परिषद के कार्यालय अधीक्षक सतीश अग्रवाल ने कहा दशहरा मैदान में रात्रि विश्राम के लिए छावनी परिषद 3500 रुपये किराया लेगी। इसमें बिजली सैनिटेशन सहित अन्य सुविधा देगी। पर अभी हमारी ओर से अनुमति नहीं दी गई है। पहले स्थानीय प्रशासन अनुमति देगा जिसके बाद हम अनुमति देंगे।
खेल संकुल में होंगी कई सुविधाएं
दशहरा मैदान की करीब पौने दो एकड़ जमीन पर खेल संकुल बनया जा रहा है। इसके लिए पिछले वर्ष छावनी परिषद में प्रस्ताव पारित हुआ था।जिसके बाद 26 दिसंबर को भूमिपूजन हुआ। इसमें क्रिकेट मैदान, ओपन जीम, वाकिंग ट्रेक, चेन लिंक फेंसिंग साथ ही संकुल तक पहुंचने के लिए मार्ग पर पहुंच मार्ग तक लाइट व्यवस्था, पार्किंग आदि भी बनाई जाएगी। क्रिकेट मैदान में प्रैक्टिस के लिए तीन पीच तैयार की जाएगी।