महू में छात्रों ने बस किराया बढ़ाने और स्कूल की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन, लगाया जाम
इंदौर-महू मार्ग पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विभ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 19 Sep 2026 05:30:57 PM (IST)Updated Date: Sat, 19 Sep 2026 05:30:57 PM (IST)
महू में प्रदर्शन करते छात्र। (नईदुनिया)HighLights
- महू के माहेश्वरी चौराहे पर प्रदर्शन
- अभाविप कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
- जर्जर भवन, अवैध पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। इंदौर-महू मार्ग पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर माहेश्वरी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर महू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उपनगरीय बसों में विद्यार्थियों से अधिक किराया लिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। बस किराया कम कर विद्यार्थियों के लिए उचित किराया निर्धारित करने की मांग की गई। इसके साथ ही छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
विद्यालय भवन के कुछ हिस्से जर्जर स्थिति में हैं
अभाविप की ओर से तहसीलदार (राजस्व) महू को दिए ज्ञापन में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय भवन के कुछ हिस्से जर्जर स्थिति में हैं। इनके उचित निरीक्षण के साथ आवश्यक मरम्मत और रखरखाव का काम जल्द कराने की मांग की गई, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अवैध एवं अनियंत्रित पार्किंग हटाने की मांग
विद्यालय परिसर और उसके आसपास अवैध एवं अनियंत्रित पार्किंग हटाने की मांग भी की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय के आसपास वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण विद्यार्थियों के आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके लिए व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था करने की मांग की गई।
स्कूल में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी लगाने की मांग
विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा स्कूल में प्रवेश करने वाले बाहरी लोगों की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार सहित कक्षाओं, मैदान और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग ज्ञापन में की गई है। मौके पर पहुंचेंगे तहसीलदार विवेक सोनी में मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुला।
ज्ञापन अभाविप महू नगर की ओर से नगर मंत्री शिवांक द्विवेदी ने सौंपा। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए नारेबाजी की। मौके पर महू कोतवाली पुलिस की मौजूदगी रही।