दो बेटों की मौत के बाद तीसरे को बचाने इटावा से मुरैना के अंबाह आकर बसे, ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचला, मौके पर मौत
अंबाह कस्बे में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने 10 साल के बालक को कुचल दिया।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 07:26:45 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 07:28:52 PM (IST)
HighLights
- ड्राइवर पोरसा की ओर भाग गया
- अपने गांव को अशुभ मानकर छोड़ा
- ड्राइवर पोरसा की ओर भाग गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। अंबाह कस्बे में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने 10 साल के बालक को कुचल दिया। मौके पर ही बालक ने दम तोड़ दिया। मृतक के माता-पिता इस हादसे से सदमे में हैं, क्योंकि पहले दो बेटों की मौत हो गई।
तीसरे को बचाने के लिए उप्र के इटावा में अपनी जन्मभूमि को छोड़कर अंबाह में रह रहे थे, पर उनके इकलौते बेटे की जान नहीं बची।
असंतुलित ट्रैक्टर चढ़ गया, मौके पर ही मौत हो गई
अंबाह कृषि मंडी परिसर में बनी झुग्गियों में रहने वाला कन्हैयालाल उर्फ कालू गिहार उम्र 32 साल शुक्रवार की सुबह अपने 10 साल के बेटे ओमकार के साथ परचून का सामान लेने दुकान पर जा रहा था। गल्ला मंडी से निकलकर पिता-पुत्र करौली माता मंदिर रोड पर आए।
इसी दौरान मुरैना की ओर से ट्रैक्टर एमपी 06 जेडजी 5299 तेज रफ्तार में आया। रफ्तार में असंतुलित ट्रैक्टर 10 साल के ओमकार पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ड्राइवर पोरसा की ओर भाग गया
हादसे के बाद ट्रैक्टर को लेकर ड्राइवर पोरसा की ओर भाग गया। वहीं कुछ लाेगों ने बताया कि पिता-पुत्र ई रिक्शा में जा रहे थे। ई रिक्शा पलटा, जिससे 10 साल का बालक सड़क पर जा गिरा, इसी दौरान आए ट्रैक्टर ने ओमकार को कुचल दिया। अंबाह पुलिस ने ट्रैक्टर के अज्ञात ड्राइवर पर केस दर्ज किया है।
अपने गांव को अशुभ मानकर छोड़ा
नईदुनिया से चर्चा करते हुए कन्हैयालाल गिहार ने बताया, कि वह अपने गांव में रहकर ही इटावा तक किशमिश, दाख, मखाने आदि का व्यापार करता था। 11 साल पहले उसके पहले बेटे की चार साल की उम्र में मौत हो गई। उसके दो साल बाद दूसरे बेटे की भी अचानक मौत हो गई।
सात साल पहले अपना गांव छोड़ दिया और अंबाह आ गए
दो बेटों को खोने के बाद लोगों ने कहा कि तुम्हें यह जगह नहीं फल रही, इसलिए कहीं और चले जाओ। कन्हैयालाल ने बताया कि ओमकार जब तीन साल का था, तब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। अनहोनी का डर सताने लगा, इसीलिए सात साल पहले अपना गांव छोड़ दिया और अंबाह आ गए।