
नईदुनिया प्रतिनिधि, पोरसा/मुरैना। मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के रतनपुरा कीचौल गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 32 वर्षीय महिला पूजा की उसके पिता और पति ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक रतनपुरा गांव निवासी पूजा 32 साल करवाचौथ के दिन मायके जाने की बात कहकर घर से गई थी। दूसरे दिन जब वह लौटी तो पति रामकिशोर को पता चला कि वह मायके नहीं गई थी। पति ने कई बार पूछा कि वह रात भर कहां रही, लेकिन पूजा ने नहीं बताया।
पति रामकिशोर ने पूजा के पिता विजयपाल पवैया निवासी गुहिसर थाना मौ जिला भिंड को रविवार शाम घर बुला लिया। ससुर और दामाद ने मिलकर पूजा से पूछताछ की। इस दौरान विवाद हो गया। सोमवार सुबह फिर से पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ।
इसी बीच पिता विजयपाल को इतना आक्रोश आया कि उसने साफी पूजा के गले में डालकर कस दी। इसके बाद उसे घसीटता हुआ कमरे में ले गया। झगड़े की आवाज सुनकर रामकिशोर के चाचा का बेटा राजकिशोर तोमर मौके पर पहुंचा, लेकिन वह पूजा को बचा पाता, इससे पहले पति रामकिशोर ने कमरे की कुंडी बंद कर दी। कमरे में रखी ईंट से पूजा के चेहरे पर कई प्रहार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- मोबाइल हुआ लॉक और उड़ गए 98,000, ग्वालियर में जनपद CEO बने साइबर ठगी का शिकार
घटना के बाद रामकिशोर ने ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। चाचा के बेटे राजकिशोर तोमर की शिकायत पर पुलिस ने पति रामकिशोर और पिता विजयपाल पवैया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।