
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। जौरा के परसोटा गांव के रहने वाले योगेंद्र कुशवाह ने अमेरिका के प्रसिद्ध फिटनेस इन्फ्लुऐंसर एस्टन हाल की तरह अपने वीडियो बनाए, तो यह वीडियो एस्टन हाल तक अमेरिका पहुंच गए। जिससे वे इतने प्रभावित हुए कि कैलारस में पोस्टमैन की नौकरी करने वाले 21 साल के योगेंद्र कुशवाह से मिलने वे खुद परसोटा गांव पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने गांव में योगेंद्र कुशवाह के साथ कई वीडियो बनाए, इसके बाद कैलारस जाकर उस जिम में भी पहुंचे जहां योगेंद्र वर्कआउट करते हैं।

यहां बता दें कि अमेरिका के फिटनेस इन्फ्लुऐंसर एस्टन हाल अपने हर सुबह के वीडियो एक विशेष शैली में बनाते हैं। जहां सुबह उठने से लेकर अपने सख्त रूटीन को दिखाते हैं। एस्टन के वीडियो जब परसोटा गांव के योगेंद्र कुशवाह ने देखे तो लगभग दो साल पहले उन्होंने ठीक उन्हीं की तर्ज पर अपने फिटनेस वीडियो बनाना शुरू किया। एस्टन जहां विदेशी और रॉयल लाइफ स्टाइल में इन वीडियो को बनाते हैं, वहीं योगेंद्र कुशवाह ने इसे अपना देशी अंदाज दिया।

योगेंद्र के वीडियो इतने प्रसारित हुए कि अमेरिका में बैठे एस्टन हाल की नजर में आए। जिस पर एस्टन ने योगेंद्र की इंस्टाग्राम पर डाले वीडियो पर कमेंट किया कि अगर उनके वीडियो को पांच लाख लाइक मिलेंगे तो उनसे मिलने भारत आएंगे। इसके बाद दूसरा कमेंट किया कि डेढ़ मिलियन (15 लाख) लाइक आएंगे, तो मिलने आएंगे। योगेंद्र के कई वीडियो पर यह लाइक पहुंच गए। जिस पर 12 मई मंगलवार को एस्टन हाल भारत आ गए।

यह भी पढ़ें- कूनो नेशनल पार्क से आई बुरी खबर, मादा चीता केजीपी-12 के 4 शावकों की मौत, देश में अब बचे केवल 53 चीते
मंगलवार की दोपहर दो बजे वे योगेंद्र के गांव परसोटा पहुंचे। जहां उन्होंने योगेंद्र व ग्रामीणों के साथ कई वीडियो बनाए। इसके बाद कैलारस उस जिम में पहुंचे, जहां वे वर्कआउट करते हैं। योगेंद्र कैलारस पोस्ट ऑफिस में पदस्थ हैं तो वे कैलारस में ही किराए से कमरा लेकर रहते हैं। एस्टन ने योगेंद्र को एक कार भी गिफ्ट करने की बात कही है, जो 14 मई को ग्वालियर में ही उन्हें देंगे। लगभग एक से डेढ़ घंटे परसोटा व कैलारस में रहने के बाद वे योगेंद्र को अपनी कार से ग्वालियर की ओर लेकर रवाना हो गए।