
नईदुनिया न्यूज, सबलगढ़। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को कई वीडियो और फोटो प्रसारित हो गए, जो 31 मार्च को रामपुर के कंस वध मेला के दौरान हुए आयोजन के हैं। वीडियो में मंच पर महिला डांसर फूहड़ डांस करते नजर आ रही हैं, मंच पर महिला डांसरों का नाच-गाना देखने के लिए पुलिसकर्मी भी दर्शक बनकर बैठे नजर आ रहे हैं, जो टकटकी लगाए महिला डांसरों के ठुमके देख रहे हैं।
एक वीडियो में रामपुर थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा और संतोष बाथम दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी मंच पर टहल रहे हैं, डांसर नाच रही हैं और इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी जेब से रुपये निकालकर थाना प्रभारी पर न्यौछावर कर देता है।
यह भी पढ़ें- एमपी में गेहूं खरीदी की तैयारी पूरी... 19 लाख किसानों ने कराया पंजीयन, 10 अप्रैल से शुरू होगा 78 लाख टन का उपार्जन
वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है, कि जिस तरह थाना प्रभारी पर नोटों की न्यौछावर हुई ठीक वैसे ही महिला डांसरों पर भी कई लोग नोट बरसा रहे हैं, न्यौछावर कर रहे हैं। यह फूहड़ आयोजन और रामपुर थाने की टीम की यह ड्यूटी अब सुर्खियों में हैं।
मैं और थाने का स्टाफ आयोजन की ड्यूटी में थे, वहां व्यवस्थाएं देख रहे थे। मंच पर इसलिए थे, क्योंकि कुछ लोग हंगामा कर रहे थे, उन्हें रोक रहे थे। मैंने नहीं देखा किसने रुपये न्यौछावर किए।- रामकुमार वर्मा, थाना प्रभारी, रामपुर