
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना: भाईदूज त्योहार के चलते हजारों लोग मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की सीमा के बीच आवागमन कर रहे है। बुधवार की सुबह चंबल नदी के उसैद- पिनाहट घाट के बीच बने पांटून पुल पर लंबा जाम लग गया। कई वाहन पुल के बीच फंस गए।
घाटों पर भी वाहनों की कतार लग गई। जिस पर उत्तरप्रदेश की पिनाहट और मध्यप्रदेश की महुआ थाना पुलिस घाटों पर पहुंच गई। जिस पर वाहनों को पुल से निकलवाया गया। अभी भी भारी संख्या में वाहन घाटों पर पहुंच रहे है।
अंबाह और पोरसा क्षेत्र की रिश्तेदारिया उत्तरप्रदेश के कई शहरों में है। जहां त्योहार और सहालग में लोग जाते है। जिसके लिए लोग इसी पांटून पुल का इस्तेमाल करते है। वजह है कि मुरैना, धौलपुर के रास्ते लगभग 120 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। लेकिन इस पुल से चंबल नदी पार करते ही उत्तरप्रदेश की सीमा में पहुंच जाते है। इसलिए यहां से भारी आवागमन होता है।
चंबल नदी का जलस्तर बुधवार को कुछ बढ़ गया। जिसकी वजह से पानी पांटून पुल को घाटों से जोड़ने वाली भिची तक पहुंच गया। जिससे कच्चा जोड़ कीचड़ में तब्दील हो गया। ऐसे में वाहनों को निकालने में परेशानी हो रही थी। हालांकि इस रास्ते को ठीक करने ट्रेक्टर से रेत इस कीचड़ में डाला जा रहा था।