
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना, सबलगढ़। टेंटरा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 16 साल आठ महीने की किशोरी ने प्रेमी के बहकावे में आकर रात के भोजन में परिवार के लोगों को नींद की गोलियां खिला दीं। मां समेत घर के अन्य लोग गहरी नींद में सो गए तभी किशोरी रात 10 बजे के बाद घर से लापता हो गई।
किशोरी की मां ने टेंटरा पुलिस को पेश शिकायत में लड़की को अगवा करने के मामले में दौर्द विजयपुर के मनीष पुत्र जहार सिंह रावत पर संदेह जताया है। किशोरी का पिता नहीं है। कुछ समय पहले पिता का निधन हो गया था। इसलिए बेटी को अगवा किए जाने की शिकायत उसकी मां की तरफ से टेंटरा थाने में दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित मां ने पुलिस को शिकायत में बताया कि नौ अक्टूबर की रात के खाने में बेटी ने नींद की गोलियां मिला दीं, जिससे खाना खाने के बाद वह तथा उसके घर अन्य सदस्य गहरी नींद में सो गए।
सुबह आठ बजे जागे तो दिमाग पर नींद का नशा था। सबसे पहले घर के लोग टेंटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टर से दवा लेने के बाद बेटी को अगवा कर लिए जाने की शिकायत करने आए हैं।
यह भी पढ़ें- स्कूल रजिस्टर से उम्र साबित नहीं होती, अपनी मर्जी से गई लड़की अपहरण नहीं: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट