
अंबाह। अंबाह थाना क्षेत्र के गीलापुरा गांव में रविवार सुबह 11 बजे के करीब खेलते हुए तीन मासूम तालाब में गिर पड़े। जिसमें एक बच्चे को सकुशल बचा लिया गया, वहीं दो सगे भाई बहन की पानी में डूबने से मौत हो गई। पिता ने दोनों बच्चों के शव पानी से निकाल लिए, जिन्हें अस्पताल भी लेकर आए। अस्पताल में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया है।
जानकारी के मुताबिक गीलापुरा गांव निवासी सौरभ नागर का बेटा अभि नागर उम्र पांच साल व बेटी पनीदी नागर उम्र तीन साल अपने एक साथी वंश प्रजापति उम्र छह साल के साथ घर के पास बने तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी बीच तीनों ही बच्चे इस तालाब में जा गिरे। इसी बीच मौके पर लोग पहुंचे, सौरभ नागर भी पहुंच गया। जहां पानी में थोड़ा सा वंश नागर दिखाई दिया। जिसे लोगों ने बाहर निकाल लिया। जिससे वह सुरक्षित बच गया। इसी बीच अभि व पनीदी पानी में डूब गए। तालाब में लोग उतरे और दोनों की तलाश की तो पानी में दोनों बच्चे मिल गए। जिस पर उन्हें अंबाह अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है