यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ujjain News: महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए उप्र के युवक की शिप्रा नदी में डूबने से मौत
Ujjain News: 5 और 14 अक्टूबर को भी हो चुके हैं हादसे। अहमद नगर महाराष्ट्र और दिल्ली निवासी युवक की भी डूबने से हो गई थी मौत।
By Hemraj YadavEdited By: Hemraj Yadav
Publish Date: Sun, 22 Oct 2023 07:47:51 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Oct 2023 07:47:51 PM (IST)
HighLights
- सुसनेर के सोलर प्लांट में करता था काम, दशहरे की छुट्टी मनाने अपने गांव जा रहा था।
- मथुरा की ट्रेन शाम की होने के कारण भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन रुका था।
- नहाते समय गहरे पानी में चला गया था। गोताखोरों ने निकाला तब तक हो चुकी थी मौत।
Ujjain News: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। शिप्रा नदी में डूबने से लोगों की मौतों का सिलसिला जारी है। रविवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने आए एक युवक की रामघाट पर शिप्रा नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक उप्र के कासगंज का रहना वाला था।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय संतोष पुत्र स्वराज यादव निवासी ग्राम सिरावली, कासगंज उत्तर प्रदेश अपने ताऊ वासुदेव के पुत्र दिनेश यादव के साथ सुसनेर के समीप बन रहे सोलर प्लांट में काम करता था। दोनों भाई दशहरा मनाने के लिए रविवार को गांव जा रहे थे। दोनों रविवार दोपहर बस पकड़कर उज्जैन आए थे। यहां से ट्रेन के माध्यम से मथुरा और फिर वहां से कासगंज जाना था।
![naidunia_image]()
नहाते समय गहरे पानी में चला गया
शाम की ट्रेन होने के कारण दोनों महाकाल मंदिर दर्शन करने से पहले शिप्रा नदी में स्नान करने के लिए रामघाट पहुंच गए थे। यहां संतोष नदी में नहाने उतर गया था, दिनेश घाट पर ही बैठा था। उसी दौरान संतोष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। इस पर दिनेश ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद गोताखोरों ने नदी में छलांग लगाकर संतोष को बाहर निकाल लिया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव में रहते हैं पत्नी और तीन बच्चे
दिनेश ने पुलिस को बताया कि संतोष विवाहित था। गांव में उसके माता-पिता, भाई, पत्नी व तीन बच्चे हैं। संतोष के डूबने की सूचना मिलने पर सुसनेर से सोलर प्लांट की कंपनी के अधिकारी भी उज्जैन पहुंचे और उसके परिवार को भी हादसे की सूचना दी।
इस महीने ये हादसे भी
- बता दें कि 22 वर्षीय आयुष पुत्र सुमेर सिंह वर्मा निवासी संगम विहार टाउनशिप साउथ दिल्ली, 14 अक्टूबर को उज्जैन दर्शन करने के लिए दोस्त विनित गुप्ता के साथ आया था। दोनों महाकाल व काल भैरव के दर्शन के बाद सुनहरी घाट पर शिप्रा नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान विनित व आयुष गहरे पानी में चले गए थे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर सुनकर नदी में छलांग लगाई और विनित को बचा लिया था। आयुष की डूबने से मौत हो गई थी।
- इसी प्रकार 5 अक्टूबर को शिप्रा नदी में छोटी रपट के समीप डूबने से 25 वर्षीय धीरज उर्फ वैष्णवदास निवासी अहमद नगर महाराष्ट्र की डूबने से मौत हो गई थी। धीरज अपने गुरु कथावाचक युगल शरण महाराज, सचिन कश्यप, कृष्णा नामदेव सहित सात लोगों के साथ उज्जैन आया था। यहां बड़नगर रोड स्थित छोटी रपट के पास केदारेश्वर महादेव मंदिर के पास शिप्रा नदी में स्नान के दौरान उसकी डूबने से मौत हो गई थी।