
नईदुनिया न्यूज, कैलारस। कस्बे की अशोक गली के रहने वाले महेश शर्मा रविवार को अपने परिवार के लिए पहाड़गढ़ राेड पर संचालित एक दुकान से पनीर खरीदकर लाए थे। पूरे परिवार ने शाम को पनीर खाया। इसके बाद अचानक ही पूरे परिवार के छह सदस्यों को उल्टी और चक्कर आना शुरू हो गया।
रात जैसे तैसे कटी, लेकिन सुबह होने पर पूरा परिवार अस्पताल पहुंच गया। जहां डाॅक्टरों ने उनका इलाज किया। पनीर से फूड पाॅइजनिंग की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी शाम को मिष्ठान भंडार पर सैंपल लेने की कार्रवाई करने के लिए पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक अशोक गली पहाड़गढ़ रोड महेश शर्मा ने गिर्राज मिष्ठान भंडार के नाम से संचालित दुकान से पनीर लेकर आए थे। इसके बाद उसे पकाया और पूरे घर ने पनीर की सब्जी खाई। रात के समय ही बच्चे बड़े सभी बीमार होना शुरू हो गए। महेश शर्मा सहित गुड्डी उम्र 50 साल, गौरी शर्मा उम्र पांच साल, नंदनी शर्मा उम्र तीन साल, विकास शर्मा उम्र 3 साल व निक्की शर्मा उम्र 24 साल बीमार पड़ गए।

सुबह होते ही महेश शर्मा पूरे परिवार को लेकर कैलारस अस्पताल पहुंच गए। जहां डाॅक्टरों ने फूड पाॅइजनिंग होना बताया। जिस पर सभी का इलाज किया गया। उधर शाम को गिर्राज मिष्ठान भंडार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी पहुंच गए। जहां से मिठाई, पनीर आदि के सैंपल लिए।
इस दौरान बताया जा रहा है कि मिलावटी पनीर पूरे कस्बे में धड़ल्ले से खपाया जा रहा है। जिसकी वजह से इस तरह की शिकायतें सामने आती है, लेकिन कार्रवाई न होने से धडल्ले से मिलावटी खाद्य पदार्थ बाजार में बेचे जा रहे हैं।