
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। लगातार हो रही बारिश के कारण मुरैना जिले की नदियां उफान पर आ गई हैं। जिले का सबसे बड़ा बांध पगारा डैम आधी रात को लबालब हो गया। पगारा का जलस्तर जैसे ही 652 फीट पर पहुंचा, इस डैम के सभी छह ऑटोमैटिक गेट एक-एक कर अपने आप खुलने लगे।
रात 10 बजे से खुले सभी छह गेटों से 40,000 क्यूसेक पानी आसान नदी में जा रहा है, इस कारण आसन व उससे जुड़ी सहायक नदियों में बाढ़ आ गई है, इसीलिए जिला प्रशासन ने 32 गांवों में अलर्ट जारी किया। कुछ जगहों पर लोगों को रेस्क्यू कर निकालना पड़ा।
जिला मुख्यालय से सटे घुरैया बसई गांव के खेतों में आसन की सहायक नदी कुरई नदी का पानी भर गया। कई किसानों की फसलें जलमग्न हो गईं। नदी के उफान में गांव का रपटा पानी में डूब गया, जिससे दिनभर लोग जोखिम उठाकर निकलते रहे।
दूसरी तरफ क्वारी नदी का उफान लगातार बढ़ता जा रहा है। क्वारी के जलस्तर के कारण बागचीनी, पलपुरा और बिसंगपुर गांव की पुलिया व रपटे डूब गए हैं। रपटों पर पांच से सात फीट तक पानी बह रहा है। इस कारण दो दर्जन से ज्यादा गांवों में आवागमन ठप है।
कैलारस में पुलिस थाने और तहसील जलमग्न
रामपुर के जालौनी पुल के नदी दो फीट नीचे रह गई है। लगातार बारिश के कारण कैलारस में जलभराव की समस्या हो गई। पुलिस थाने, तहसील, जनपद से लेकर कई सरकारी कार्यालयों के परिसरों में पानी भर गया है। लगातार बारिश के कारण कैलारस तहसील के छह गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं।
सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से खेड़ा-मानगढ़, अर्रोदा, माली बाजरा, ब्रह्मबाजना, बारा, डमेजर गांव में नदी का पानी पहुंच गया है। गस्तौली गांव के कई घरों के एक से दो फीट तक पानी हो गया। किसानों के घरों का अनाज, मवेशियों का भूसा तक भीग गया। कैलारस-सबलगढ़ के बीच नेशनल हाईवे 552 पर कुछ जगह एक फीट तक पानी आ गया।
आज बारिश का अलर्ट
सबलगढ़ का टोंगा और किले के पीछे वाला तालाब भी फुल हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। पगारा डैम के कारण इन गांवों में बाढ़ से हालात पगारा बांध के डाउनस्ट्रीम में आने वाले 32 गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है।
इनमें पई, नरहेला, बिचपुरी, सिघौरा, घसटुआ, जिन्दपुरा, घूघस, पन्नू का पुरा, गदाल का पुरा, झोड़ का पुरा, चिरायतनी, गुढ़ा आसन, देवरी, रपटापुरा, मुदावली, राजघाट का पुरा, डोंगरपुरा, ककरधा, खेरा, बड़ौना, दुल्हैनी, पहावली, जरैना, सिलायथा, खनेता, घुरैयाबसई, गढ़ीखेड़ा, डाबी का पुरा, भवनपुरा, जनवेद का पुरा, सामले का पुरा और छौंदा शामिल हैं।
बाढ़ में फंसे 15 ग्रामीण, रेस्क्यू कर निकालाजौरा के निमास सहित जौराना, सिकरौदा, बिस्नोरी गांवो में बाढ़ जैसे हालात हो गए। निमांस गांव में खेतों पर गए ग्रामीण चारों ओर से पानी में घेर गए। कई लोग अपने घरों में बाढ़ से घिर गए।
सूचना मिलने पर एसडीएम शुभम शर्मा आपदा प्रबंधन की टीम लेकर गांव में पहुंचे और 15 ग्रामीणों को रेस्क्यू कर बाढ़ से निकाला और स्कूल भवन में शिफ्ट किया गया।
बताया गया है कि पगारा डैम के पानी के कारण बघरौली, जौनारा, बिस्नोरी, जलालपुर गांवों में भी बाढ़ से हालात हो गए हैं।
श्मशान डूबा, हाईवे किनारे हुआ अंतिम संस्कार
क्वारी नदी भी रौद्र रूप में हैं। कैलारस कस्बे और नेपरी गांव होकर गुजरी क्वारी नदी भी तटों को लांघकर बस्ती के करीब जा पहुंची है। नदी किनारे के सैकड़ों बीघा खेतों की फसलें पानी में 10 फीट गहराई तक डूब गई हैं। हालात ऐसे हैं, कि नेपरी गांव का मुक्तिधाम भी जलमग्न हो गया है।
बीती रात नेपरी के बीमारी के चलते एक युवक का निधन हो गया, उसके अंतिम संस्कार को मुक्तिधात में जगह नहीं मिली, तो मजबूरी में हाईवे किनारे अंतिम संस्कार किया गया। पानी में डूबे रपटे में फंसा ई रिक्शा, पचोखरा में ट्यूब पर बैठाकर निकाली महिलाएंक्वारी, आसन, सोन, क्वारी नदियों के उफान में डूबे हुए रपटों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बाधित हो गया है।
रपटों पर तेज बहाव में बहते पानी के बीच भी कई जगह ग्रामीण जान जोखिम डालकर निकलते आए। दिमनी के पलपुरा घाट पर तीन फीट पानी से भी वाहन निकलते रहे। घुरैया बसई गांव के रपटे पर दो से ढाई फीट पानी के बीच से लोग पैदल व वाहनों से निकलते रहे।
लेकिन चार से पांच लोगों की जान तक संकट में आ गई, जब एक ई रिक्शा बीच रपटे में बंद होकर फंस गया। इस ई-रिक्शा में पांच लोग सवार थे, जो बाद में अन्य ग्रामीणों की मदद से निकाले गए। कैलारस के पचोखरा गांव के डूब रपटे से महिलाओं को ट्यूब पर बैठाकर निकालते हुए भी वीडियो प्रसरित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- धौलपुर: पोखर में डूबी श्रद्धालुओं से भरी ईको वैन, मुरैना के बच्चे समेत 4 लोगों की मौत, 8 घायल
खेड़ा हुसैनपुर में निर्माणाधीन पंचायत भवन गिरा
लगातार हो रही बारिश में पहाड़गढ़ जनपद पंचायत के खेड़ा हुसैनपुर गांव में 37 लाख रुपये की लागत से बन रही निर्माणाधीन पंचायत भवन का हिस्सा ढह गया। निर्माणधीन भवन के मलबे में रामराज गुर्जर की गाय, बछड़ा और एक पाड़ा दब गया, जो दोपहर तक नहीं निकल पाए।
घटना के बाद गांव में सचिव पहुंचा, जिस पर ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और कहा कि कई महीनों बाद सचिव को आज गांव में देखा है। सबलगढ़ में 117 तो कैलारस में 122 मिमी बारिशमौसम विभाग ने जैसा अनुमान जताया, ठीक उसी तरह जिले के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में भारी वर्षा हुई है।
कैलारस में हुई सबसे ज्यादा बारिश
सबसे अधिक 122 मिमी वर्षा कैलारस क्षेत्र में दर्ज हुई है, सबलगढ़ में 117 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जौरा में 70, अंबाह में 65.8, मुरैना में 24 और पोरसा में 10 एमएम वर्षा दर्ज हुई है। इस सीजन में एक दिन में इससे अधिक वर्षा पहले नहीं हुई। इसी के साथ औसत वर्षा का आंकड़ा 503.3 मिमी पहुंच गया है। जिले की औसत वर्षा 706.9 मिमी है। वर्षा ने मौसम सुहाना बना दिया है, शनिवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें- MP Weather: भोपाल, रायसेन और सीहोर में लगातार बारिश से बिगड़े हालात, बेगमगंज-विदिशा मार्ग 8 घंटे बंद