
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। कट्टोली का पुरा में घर के दरवाजे पर खेल रही 9 साल की बालिका से एक नाबालिग ने दुष्कर्म कर दिया। घटना 12 जून की है। बदनामी के डर से पीड़िता के परिजन ने मामले की शिकायत 12 दिन बाद पहाड़गढ़ पुलिस से की। पुलिस ने अपचारी किशोर के खिलाफ दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, कट्टोली का पुरा में 9 साल की बालिका 12 जून को दोपहर 1.30 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान 18 साल से कम आयु का किशोर वहां आया। बालिका को गोद में उठाकर अपने घर ले गया। वहां बालिका को कमरे में आधा घंटा बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की पीड़ा से बालिका ने घर आकर अपनी मां को बताया।
मां ने बदनामी के डर से बात को अपने तक सीमित रखा, लेकिन जब पिता को घटना बताई गई, उन्होंने एफआइआर कराने की ठानी। सोचा कि पुलिस से शिकायत नहीं की, तो वह दोबारा भी ऐसी कर सकता है। तब बालिका के माता-पिता 12 दिन बाद बेटी को साथ लेकर पहाड़गढ़ थाने पहुंचे। अपचारी किशोर के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।

एक दूसरे मामले में सिहोरी का पुरा गांव में रहने वाली एक महिला के घर में घुसकर आरोपी राहुल जाटव पुत्र विजय सिंह जाटव ने 22 जून की रात 11 बजे दुष्कर्म कर दिया। अपराध के समय महिला का पति काम से बाहर गया था। महिला अपनी बेटी के साथ आंगन में सो रही थी। सास घर के दरवाजे के पास सो रही थी। इस दौरान आरोपी घर में घुस आया। महिला का मुंह दबाकर उससे दुष्कर्म कर दिया।