
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना नगर निगम के मदाखलत अधिकारी फरमान खान पर शनिवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में दिनदहाड़े हमला कर दिया। रामनगर क्षेत्र में हुई इस वारदात में पांच-सात बदमाशों ने अधिकारी की गाड़ी रुकवाकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि अधिकारी के साथ जमकर मारपीट भी की। घटना के बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपितों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
मदाखलत अधिकारी फरमान खान ने बताया कि वह नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर मुड़ियाखेड़ा में कच्चे नाले की खुदाई कराने जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी नारायण हॉस्पिटल के पास पहुंची, तो पांच-सात युवक सड़क के बीचों-बीच आकर खड़े हो गए। अधिकारी को लगा कि शायद क्षेत्र के लोग किसी समस्या को लेकर बात करना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी किनारे लगवाई।
फरमान खान के अनुसार, जैसे ही उन्होंने गाड़ी का शीशा नीचे किया, एक युवक ने उन्हें बाहर उतरने के लिए कहा। मना करने पर एक आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। इसी बीच उसके अन्य साथियों ने डंडे निकाल लिए और सरकारी गाड़ी के शीशे फोड़ दिए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
मदाखलत अधिकारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी किसी से व्यक्तिगत रंजिश नहीं है, लेकिन उन्हें वार्ड-42 की पार्षद के बेटे सोनू सिकरवार पर हमले का पूरा शक है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को फूटी पुलिया के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सोनू सिकरवार ने जमकर हंगामा किया था और विवाद पर उतारू हो गया था। उस दौरान उसने "कल तक तुम्हारा इलाज कर देने" की धमकी भी दी थी।
यह भी पढ़ें- सरकारी रिपोर्ट में पानी साफ, फिर महू में क्यों बीमार हो रहे लोग? खून में मिला खतरनाक वायरस, 32 हुई मरीजों की संख्या
स्टेशन रोड थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के आसपास की दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी और जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।