
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। पहाड़गढ़ के कुसमानी में शासकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार में आए ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक ने हादसे के बाद ट्रक को तेज रफ्तार में भगाया और चार से पांच किमी दूर चलने के बाद मोड़ पर पहाड़गढ़ की ओर जा रहे ट्रक से जा भिड़ा। इसके बाद सड़क किनारे खंती में पलट गया।
जानकारी के मुताबिक शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुसमानी के प्रधानाध्यापक ब्रजेश नरवरे उम्र 45 साल मुरैना से स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी बीच कंहार बुढेरा के बीच शिवपुरी की तरफ से आ रहे ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 2131 ने ब्रजेश नरवरे को बाइक सहित कुचल दिया। जिससे उनकी बेहद दर्दनाक मौत हो गई।
ट्रक चालक तेजी से ट्रक को भगाकर ले जा रहा था, अभी चार से पांच किमी ही चला था कि एक मोड़ पर पहाड़गढ़ की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 07 एचबी 5202 से जाकर भिड़ गया और सड़क किनारे खंती में जा पलटा।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में ट्रक चालकों को किसी तरह की चोट न आने की बात कही जा रही है। उधर प्रधानाध्यापक की मौत के बाद शिक्षा विभाग में शोक की लहर देखी जा रही है।