नईदुनिया न्यूज, मुरैना: शहर में शनिवार को दो धार्मिक स्थलों पर विवाद की स्थिति बनी। माधौपुरा की पुलिया पर स्थित आसमानी माता मंदिर में जानवर की बलि चढ़ाकर उसका मांस खाने का आरोप मंदिर के पुजारी व उसके स्वजन पर लोगों ने लगाया है। जिसके बाद सैंकड़ों लोग जमा हुए और हंगामा किया। पुलिस ने मामले में पुजारी व उसके चार स्वजन पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ टीआइटी कॉम्प्लेक्स स्थित एक मजार को रात के समय किसी ने मजार को तोड़ दिया। जिस पर सुबह लोग इकट्ठा हो गए।
जानकारी के मुताबिक माधौपुरा की पुलिया पर स्थित आसमानी माता मंदिर पर सुबह आठ बजे कुछ लोग इकट्ठा हुए, उन्होंने अंदर जाकर देखा तो एक कटोरे में मांस रखा हुआ था। मंदिर में ही पुजारी रामभरोसे प्रजापति व उसके चार पुत्र व अन्य स्वजन रहते हैं। जिन पर बलि चढ़ाकर मांस खाने का आरोप लगाया। लोगों ने बताया कि लगभग पचास साल पुराना यह मंदिर है। जिसमें लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा भी है, जहां इस तरह मांस खाने से लोगों की भावनाएं आहत हुई है।
ये भी पढ़ें- व्यापारी के खाते से जालसाज ने उड़ाए ₹3.81 लाख, फर्जी हस्ताक्षर कर चेकबुक लेकर बनाया शिकार
मंदिर के सामने हंगामा होता देख मौके पर सीएसपी दीपाली चंदौलिया पुलिस टीम के साथ पहुंच गई। जहां लोगों को समझाया गया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय रहवासी अमित उपाध्याय की फरियाद पर पुजारी रामभरोसे प्रजापति उसके बेटे मनोज प्रजापति, राजू प्रजापति, बलराम प्रजापति व गौरी प्रजापति पर मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा दूसरी तरफ टीआइटी कॉम्प्लेक्स स्थित शेरजंग वाले बाबा की मजार को रात में शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। सुबह जब मजार पर आने वाले लोगों ने देखा तो यहां भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई। यह मजार किसने तोड़ी इसका पता नहीं चल सका। जिस पर पुलिस ने इस मामले में अज्ञातों पर मामला दर्ज किया है।