
नईदुनिया न्यूज, दिमनी। ग्राम पंचायतों में तालाब निर्माण के नाम पर जमकर धांधली हुई है। जहां पानी का नामोनिशान नहीं, वहां तालाब बताकर लाखों रुपये का घपला कर दिया। मुरैना जनपद की चांदपुर ग्राम पंचायत में भी ऐसा ही हुआ है।
जांच में दो तालाब मिले ही नहीं। एक जगह ऐसी मिली जहां बारिश का पानी जमा था, उसे भी पंचायत रिकॉर्ड में तालाब बता रखा है।
यह सच्चाई ग्राम पंचायतों में करवाई जा रही सोशल ऑडिट में सामने आई है। दरअसल, शासन द्वारा ग्राम पंचायत में हुए विकास कामों की सोशल आडिट स्थानीय रहवासी व युवा समाजसेवियों द्वारा करवाई जाती है। इसके लिए ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स (वीएसए) नियुक्त किए जाते हैं।
मुरैना जनपद की चांदपुर पंचायत में भी वीएसए सुनील तोमर द्वारा विकास कामों का ऑडिट किया जा रहा है। इसी में सामने आया कि पंचायत ने लाखों रुपये की लागत से तीन तालाबों का निर्माण किया है। जिस स्थान पर तालाब बताए गए हैं, उनमें से दो स्थान ऐसे मिले जहां कहीं भी पानी नहीं भरा था।
जहां तालाब बताए गए, वहां खेत थे, जिनमें खेती हो रही है। एक अन्य तालाब जिस जगह बताया गया, वहां कई सालों से बारिश का पानी जमा रहता है। पानी भराव से यहां छोटा सा गड्ढा हो गया है। पंचायत ने इस गड्ढे के पास कुछ पत्थर पटककर इसे ही तालाब दर्शा दिया।
इसके अलावा जब सीसी सड़कों, नाले, नालियों का ऑडिट किया गया तो सामने आया कि कई सीसी सड़कें बनी नहीं हैं। कुछ जगह पुराने निर्माणों को नया बताकर पैसा निकाल लिया गया है। इस मामले में जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि ऐसा हुआ है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।
चांदपुर ग्राम पंचायत में फर्जीवाड़ा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पूर्व में भी जो सरपंच-सचिव रहे हैं, उन्होंने भी कई काम किए नहीं और पंचायत की राशि डकार ली। जिला पंचायत ने चांदपुर की पूर्व सरपंच रेखा उपाध्याय पर 2 लाख 44 हजार 214 रुपये और पूर्व सरपंच जाहर सिंह नागर पर 1 लाख 67 हजार 937 रुपये की वसूली निकाली है। इन पूर्व सरपंचों ने राशि वापस नहीं की, इसलिए इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुके हैं।
जिस तरह ग्राम पंचायतों में विकास कामों की आडिट हो रहा है, उसी तरह पीएम आवासों व स्कूलों की आडिट होगा। क्योंकि समग्र शिक्षा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सामाजिक अंकेक्षण के लिए ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स (वीएसए) को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, मुरैना में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों को सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- मुरैना में 1.70 करोड़ डकारने वाले 32 पूर्व सरपंच और सात सचिव अब जाएंगे जेल