
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा थाना क्षेत्र के सींगपुरा गांव में खेत की मेढ़ को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोलकर पहले बंदूकों से फायरिंग की और फिर लाठियों से हमला कर दिया।
इस घटना में राममोहन सिंह तोमर के 20 वर्षीय बेटे अजय सिंह उर्फ गोलू तोमर की मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई संजय तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सींगपुरा गांव में राममोहन सिंह तोमर और लक्ष्मण सिंह तोमर के बीच खेत की मेढ़ को लेकर विवाद हुआ था। खेत पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद मामला बढ़ गया और लक्ष्मण सिंह तोमर पक्ष के 10 से 12 लोगों ने राममोहन सिंह तोमर के घर पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने घर पर पहुंचकर बंदूकों से फायरिंग की और इसके बाद लाठियों से हमला किया। इस दौरान अजय सिंह उर्फ गोलू तोमर की जान चली गई। वहीं, उनके बड़े भाई संजय तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए।
संजय सेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। घटना के बाद सींगपुरा गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मुरैना में अमानवीयता की हदें पारः तीन दिन तक नहीं मिला इलाज, मौत के बाद शव में लगे चींटे तब चेकअप को आए डॉक्टर