
नईदुनिया न्यूज, नरसिंहपुर। गोटेगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खड़ी सरकारी 108 एंबुलेंस को अज्ञात लोगों द्वारा निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है।
असामाजिक तत्वों ने पत्थर मारकर एंबुलेंस के ड्राइवर साइड का फ्रंट कांच पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे आपातकालीन सेवा के संचालन पर संकट खड़ा हो गया है।
घटना के संबंध में एंबुलेंस के पायलट ओम नारायण और ईएमटी धनपति ने बताया कि बीती रात करीब 12 बजे एंबुलेंस एक मरीज को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी।
मरीज का अंदर इलाज चलने के दौरान एंबुलेंस परिसर में खड़ी थी, तभी अज्ञात लोगों ने उस पर पथराव कर दिया। पायलट ने बताया कि कांच टूटने से रात के समय मरीजों को लाने-ले जाने में भारी परेशानी होगी।
मामले की सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. एसके धुर्वे को देने के साथ ही गोटेगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है।
स्वास्थ्य कर्मियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के हौसले पस्त हो सकें।
यह भी पढ़ें- दो माह पहले ही दमोह पदस्थ हुए थे वाणिज्य कर अधिकारी, जबलपुर लोकायुक्त ने खंगाले बैंक खाते