
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। निवारी चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम हर्द में अपने परिवार के साथ कृषि मजदूरी करने आए एक 26 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
युवक को अचेत अवस्था में तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
फूलचंद घर के मलगे में गमछे का फंदा बनाकर उस पर लटक रहा था। मौके पर पहुंचे अन्य लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारा। उस वक्त उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके चलते उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर भागे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम गोइंदरा निवासी फूलचंद (26) पिता मूलचंद कोल अपने माता-पिता के साथ मजदूरी के सिलसिले में नरसिंहपुर आया हुआ था। यहां पूरा परिवार ग्राम हर्द में किसान मुकेश कौरव के खेत पर बने मकान में रह रहा था।
रोज की तरह गुरुवार सुबह भी फूलचंद अपने माता-पिता के साथ खेत में मूंग की फसल काट रहा था। इसी दौरान अचानक उसने सिर दर्द होने की बात कही और खेत में बने घर चला गया। सुबह करीब 11 बजे जब युवक की मां किसी काम से लौटकर घर आई, तो अंदर का नजारा देख उसकी चीख निकल गई।
अस्पताल पहुंचने पर परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। निवारी चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नहर बंद, परियट जलाशय का जलस्तर घटा, 16 वार्डों में अब एक समय होगी जलापूर्ति