
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। गन्ने का दाम 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को किसानों का आंदोलन उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में किसान राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर टट्टा पुल के पास धरने पर बैठ गए हैं।
आठ किसान संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर हाईवे के साथ ही समीप से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक को भी जाम करने की चेतावनी दी है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस और प्रशासन का पूरा ध्यान इस बात पर है कि प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े और आवागमन बाधित न हो।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि गन्ने का लाभकारी मूल्य मांगना उनका अधिकार है। खेती में लगातार बढ़ती लागत, खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी और अन्य खर्चों को देखते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल की दर जरूरी है।
किसानों ने दो टूक कहा कि वे अपनी मांग पूरी कराए बिना पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि प्रशासन चाहे लाठीचार्ज कराए, जेल भेजे या मुकदमे दर्ज करे, वे हर परिस्थिति का सामना करने को तैयार हैं।
आंदोलन में शामिल किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं की सक्रियता के साथ ही धरनास्थल पर किसानों की भीड़ बढ़ती जा रही है। ऐसे में प्रशासन के सामने किसानों से संवाद बनाए रखने और आंदोलन को शांतिपूर्ण रखने की चुनौती है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि किसानों की मांग पर शासन-प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है और आंदोलन आगे क्या रुख लेता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बिना लॉ की डिग्री के कानूनी कामकाज, स्कूल शिक्षा विभाग के विधि प्रकोष्ठ पर उठे सवाल