
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम मुराच में ट्रैक्टर से कुचलकर 48 वर्षीय अधेड़ की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि पिता के उकसाने पर बेटे ने युवक पर तीन बार ट्रैक्टर चढ़ाया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।
ग्राम मुराच निवासी लक्ष्मण पोहप सिंह पटेल बस स्टैंड के पास रानी अवंतीबाई चौराहा स्थित अपनी पंचर की दुकान पर पहुंचे थे और पास की दुकान से गुटखा लेने जा रहे थे। तभी गांव का राजेंद्र पटेल ट्रैक्टर लेकर आया और लक्ष्मण को टक्कर मार दी।
मौके पर मौजूद राजेंद्र के पिता मन्नूलाल लोधी ने कथित तौर पर बेटे को और टक्कर मारने के लिए कहा, जिस पर राजेंद्र ने लक्ष्मण पर तीन बार ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक के बड़े भाई मूरत पटेल ने बताया कि आरोपित परिवार से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। उनके अनुसार आरोपितों ने पहले भी उनकी जमीन हड़प ली थी और अब और जमीन हड़पने की फिराक में रंजिश रखते थे, इसी वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के तुरंत बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस लक्ष्मण को शासकीय जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रात में ठेमी थाना प्रभारी प्रकाश पाठक भी अस्पताल पहुंचे और स्वजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। बुधवार सुबह पुलिस व स्वजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने शिकायत व पूछताछ के आधार पर आरोपी राजेंद्र लोधी और मन्नूलाल लोधी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 एवं धारा 3(5) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
थाना प्रभारी प्रकाश पाठक के अनुसार दोनों आरोपित फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक को सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं थीं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- मुआवजे के लिए झूठा फंसाने का आरोप, हाई कोर्ट ने कांस्टेबल की जांच के आदेश दिए