
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। दीपावली की रात्रि को जिला मुख्यालय के इंदिरा वार्ड में इतवारा बाजार के पास स्थित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता एनपी प्रजापति के पैतृक निवास पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उनके पोर्च पर खड़ी कार और दो बाइकों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
शाम करीब छह बजे बिजली गुल होने के बाद सड़क की ओर पोर्च के गेट पर खड़ी कार के पिछले टायर के पास कोई जला हुआ कंबल फेंक गया, जिससे टायर में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार और दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि पोर्च की पक्की छत और चारों तरफ दीवार होने के कारण आग अधिक फैल नहीं पाई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
अगले दिन सोमवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने आयोजित पत्रकारवार्ता में इस पूरी घटना का हवाला देते हुए नगर पालिका और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रजापति ने कहा कि दीपावली जैसे बड़े पर्व पर नरसिंहपुर सहित पूरे प्रदेश में प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता सामने आई है, जिससे जन-धन की सुरक्षा दांव पर लगी रही।
उन्होंने अपनी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उनके घर के पास आग लगने की सूचना तत्काल देने के बावजूद नगरपालिका की फायर ब्रिगेड लगभग 40 मिनट की देरी से पहुंची, जबकि घटनास्थल नगरपालिका कार्यालय से महज पांच से सात मिनट की दूरी पर है।
आरोप लगाया कि पहली फायर ब्रिगेड गाड़ी में पर्याप्त पानी ही नहीं था, वहीं दूसरी गाड़ी के कर्मचारी पंप चलाने की तकनीक से तक परिचित नहीं थे। एक गाड़ी में पानी का अभाव था तो दूसरी में प्रेशर नहीं बन पा रहा था। उस वक्त बिजली बंद होने के कारण घर के मोटर पंप का भी उपयोग नहीं किया जा सका।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अवकाश पर थे, तो वे व्यवस्थाएं किसके भरोसे छोड़कर गए थे और उन्हें छुट्टी किसने दी?
उन्होंने कहा कि गत वर्ष की तुलना में इस बार नगरपालिका द्वारा वसूले जाने वाले टैक्स में लगभग दोगुनी वृद्धि की गई है, जिसमें फायर टैक्स भी शामिल है। जब नागरिकों से सुरक्षा के नाम पर भारी-भरकम टैक्स वसूला जा रहा है, तो आपातकाल में ऐसी लचर व्यवस्था क्यों सामने आ रही है?
उन्होंने शहर की सीमाओं के विस्तार के प्रस्ताव पर भी चिंता जताते हुए कहा कि जब वर्तमान शहरी क्षेत्र की व्यवस्थाएं ही नहीं संभल पा रही हैं, तो सात-आठ किलोमीटर तक सीमाएं बढ़ाने के बाद सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
यह भी पढ़ें- रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बोल, वायरल वीडियो देखकर किसान हुए आगबबूला