
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वह किसानों को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में सांसद कहते हैं कि किसान 3 महीने ही मेहनत करता है और 9 महीने ताश खेलता है, गुटखा खाता है, बोतल से पीता है, चोंगी पीता है और जय भोले करता है। उक्त वीडियो जबलपुर और रीवा सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में आग की तरह फैल रहा है।
सोशल मीडिया में सांसद भाषण देते दिख रहे हैं। सफेद कुर्ता, बेज रंग की जैकेट और चश्मा लगाए जनार्दन मिश्रा किसानों की जीवनशैली पर सवाल उठाते हुए यह बात कह रहे हैं।
वीडियो सामने आते ही कमेंट सेक्शन में गुस्से का सैलाब आ गया। किसानों ने लिखा कि खेती कोई 3 महीने का काम नहीं है। बीज बोने से लेकर फसल काटने, सिंचाई, खाद, कीटनाशक, मंडी में बेचने और कर्ज चुकाने तक किसान 365 दिन परेशान रहता है। कई यूजर्स ने सांसद को चुनौती दी कि वह एक दिन धूप में खेत में काम करके दिखाएं।
जनार्दन मिश्रा अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार मामला अन्नदाता से जुड़ा होने के कारण ज्यादा गंभीर हो गया है।
कांग्रेस और किसान संगठनों ने इस बयान को किसानों का अपमान बताया है और सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। विपक्ष ने कहा कि यह भाजपा की किसान विरोधी सोच को दर्शाता है।
अभी तक भाजपा संगठन या सांसद की ओर से कोई सफाई नहीं आई है। फिलहाल वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और किसान संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
यह भी पढ़ें- कटनी के अनुज शिवात्री बने एमपी के पहले ग्रैंडमास्टर, फिलीपींस में जीती आसियान प्लस चैंपियनशिप