
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। शहर के खैरीनाका क्षेत्र में तेज रफ्तार आल्टो कार ने जमकर उत्पात मचाया। भारी वाहनों को रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात जवान को टक्कर मारने के इरादे से रॉन्ग साइड में पहुंची।
कार ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। युवती के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है।
हादसे में विक्रम और मुस्कान सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने ऑटो की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
बासादेही नयाखेड़ा निवासी विक्रम कौरव ने बताया कि गांव की परिचित मुस्कान को लेकर पीजी कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान खैरीनाका पर सामने से रॉन्ग साइड में आ रही चारपहिया गाड़ी ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
जवान ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान ड्राइवर ने जाते हुए कहा कि बच गया साला। इसके बाद आगे बढ़कर सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार करीब 50 मीटर आगे जाकर झाड़ियों में घुस गई।
यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी ने बताया कि शहर में दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसी व्यवस्था के तहत जवान योगेश शर्मा पुराने सोयाबीन प्लांट के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान नरसिंहपुर से करेली की ओर जा रही तेज रफ्तार आल्टो कार क्रमांक एमपी 20 सीसी 2293 रांग साइड में पहुंची और जवान को टक्कर मारने का प्रयास किया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार ड्राइवर मौके से फरार हो चुका था। हादसे में घायल युवती के दोनों पैर फ्रैक्चर हुए हैं। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- पुलिस देख तीसरी मंजिल पर चढ़ा दीवाली मनाने जबलपुर आया युवक, फिर कूदने की दी धमकी; क्राइम ब्रांच पर भी किया था पथराव