
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत जरजोला रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रविवार की दोपहर 18 वर्षीय युवक को पांच-छह लड़कों ने मिलकर लात-घूंसों और बेल्ट से बेरहमी से पीटा।
हमलावर न सिर्फ सरेराह युवक को पीटते रहे, बल्कि उन्होंने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। राहगीरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने किसी की एक नहीं सुनी।
ऊसरी गोरखपुर निवासी सोनू पिता कमलेश चौधरी नरसिंहपुर में अपने फूफा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा है। रविवार दोपहर वह किसी काम से नए बस स्टैंड के पास स्थित चौपाटी आया था।
इसी दौरान कुछ युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ जरजोला रोड ले गए। वहां ले जाकर उसके साथ लात-घूसों व बेल्ट से मारपीट की गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच प्रेम प्रसंग के चलते मनमुटाव चल रहा था, जिसकी परिणति इस गंभीर घटना के रूप में हुई। मारपीट करने वाले युवकों में कुछ उसके अपने गांव के थे और कुछ नरसिंहपुर के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस मारपीट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।