
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। सुआतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 पर हादसा टल गया। आपराधिक मामले की जांच के सिलसिले में भोपाल जा रही जबलपुर के मढोताल थाने की पुलिस टीम की कार अचानक रास्ते में आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
इस भीषण टक्कर में कार में सवार पुलिस कर्मियों को झटके लगे, लेकिन गनीमत यह रही कि सभी बाल-बाल बच गए और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
मढोताल थाने के सहायक उप निरीक्षक अशोक पिता रामचरण राय, उम्र 56 वर्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम एक निजी किराये की कार से भोपाल के लिए रवाना हुई थी।
वाहन को ड्राइवर हर्षदास पिता सुशील दास, उम्र 23 वर्ष चला रहा था। कार में सहायक उप निरीक्षक के अलावा आरक्षक देवकीनंदन पिता दरयार सिंह, उम्र 32 वर्ष एवं महिला आरक्षक रुनीता पति दिनेश कुसरे, उम्र 36 वर्ष भी सवार थीं।
रात करीब 8 बजे जैसे ही उनका वाहन एनएच 45 पर ग्राम टपरिया सरसला के पास पहुंचा, अचानक सड़क पर एक मवेशी आ गया। अचानक सामने आए जानवर को बचाने की कोशिश में ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलने पर हाइवे का पेट्रोलिंग वाहन 1033 मौके पर पहुंचा और घायलों को तुरंत शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद वे अन्य साधन से सुरक्षित जबलपुर के लिए रवाना हो गए।