
नईदुनिया प्रतिनिधि, तेंदूखेड़ा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी ईरान-अमेरिका युद्ध के हालातों का सीधा असर अब आम आदमी की रसोई तक पहुंच गया है। क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है। प्रशासन भले ही व्यवस्थाएं सुचारु होने का दावा कर रहा हो, लेकिन गैस एजेंसियों पर लगी उपभोक्ताओं की लंबी कतारें स्थिति की गंभीरता बयां कर रही हैं।

नया नियम लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को 45 दिन में केवल एक बार ही गैस सिलेंडर मिल सकेगा, जबकि पहले यह अवधि 25 दिन की थी। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऑनलाइन सिस्टम अब 45 दिन बाद ही अगली रिफिलिंग की तारीख तय कर रहा है।
इस आदेश से आम नागरिक बेहद परेशान हैं और घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। पूर्व में घर बैठे आसानी से मिलने वाले सिलेंडर के लिए अब उपभोक्ताओं को भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
हम लोगों को जैसे निर्देश प्राप्त हो रहें हैं उसी आधार पर सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं। पहले 25 दिन के आदेश मिले थे अब 45 दिन में सिलिंडर देने के आदेश मिले हैं। उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलिंडर को लेकर भारी आपाधापी मचाई जा रही है एवं परेशानी भी हो रही है।- रामकुमार ठाकुर, संचालक, आर्शीवाद भारत गैस, तेंदूखेड़ा जिला नरसिंहपुर