
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले में गन्ना किसानों का भुगतान नहीं करने पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बचई स्थित महाकोशल शुगर मिल को सील कर दिया। मिल प्रबंधन द्वारा किसानों के करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
इस मामले में कलेक्टर न्यायालय से आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) जारी किया गया था। इसके बावजूद करीब चार महीने बीत जाने पर भी बकाया राशि जमा नहीं की गई। आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मिल को सील करने की कार्रवाई की।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दायरे में जिले के 2 हजार से अधिक गन्ना किसान शामिल हैं, जिन्हें लंबे समय से अपनी उपज का भुगतान मिलने का इंतजार था। किसानों की मेहनत से तैयार गन्ने की फसल मिल को सौंपने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ रही थीं।
एसडीएम महेंद्र पटेल ने बताया कि कलेक्टर न्यायालय द्वारा 21 जुलाई 2026 को महाकोशल शुगर मिल के खिलाफ आरआरसी जारी की गई थी। मिल प्रबंधन पर गन्ना किसानों की 5 करोड़ 2 लाख रुपए की मूल बकाया राशि के साथ 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित भुगतान करने की जिम्मेदारी थी। इसके बावजूद मिल प्रबंधन ने किसानों की राशि का भुगतान नहीं किया।
कलेक्टर न्यायालय के आदेश और जारी आरआरसी के पालन में प्रशासनिक टीम ने मिल पहुंचकर उसे सील कर दिया। इस कार्रवाई से मिल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। अब किसानों को उनकी बकाया राशि और ब्याज का भुगतान कब तक मिलेगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- विजिलेंस जांच में पकड़ी गई अतिरिक्त नकदी, जबलपुर के तीन रेलकर्मी निलंबित; कार्रवाई से हड़कंप