
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। स्टेशन गंज थाना अंतर्गत केंद्रीय जेल के पीछे अंडरपास के पास रविवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोककर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपतपुरा निवासी डॉक्टर फरीद खान किसी आवश्यक कार्य से अपनी इंडिगो कार से शहर की ओर आ रहे थे। जैसे ही उन्होंने अंडरपास क्रॉस किया, कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए डॉक्टर फरीद ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और सुरक्षित बाहर निकल आए।
बाहर निकलते ही कार में आग की लपटें तेजी से भड़क उठीं और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। चालक अपनी आंखों के सामने अपनी कार को जलता हुआ देखता रहा, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में गोरकर दोहरे हत्याकांड के दो फरार आरोपियों का एनकाउंटर, पुलिस ने दोनों के पैर में मारी गोली
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन गंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।