
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। करेली थाना अंतर्गत ग्राम नारगी निवासी कुलदीप कौरव की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए करीब 25 लाख रुपये का अवैध लेन-देन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डाॅ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता की देखरेख में विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग लेन-देन की गहन जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल कौरव (निवासी ग्राम नारगी) को करेली से तथा आरोपी आलोक गुप्ता (निवासी करेली) को इंदौर से गिरफ्तार किया।

आरोपियों से पूछताछ व खातों की पड़ताल में खुलासा हुआ कि वे कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं दिल्ली में सक्रिय रहकर लगभग 25 लाख रुपये की धनराशि का अनधिकृत लेन-देन कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 3 पासबुक और 4 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में करेली थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, उप निरीक्षक आशीष बोपचे, अनिल तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेंद्र उईके सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। नरसिंहपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आर्थिक लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम या पासबुक किसी अन्य व्यक्ति को न दें तथा संदिग्ध लेन-देन की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
यह भी पढ़ें- टी-72 के बाद टी-90 पर ‘निशाना’, 472 करोड़ से बनेगा वाहन निर्माणी जबलपुर में टैंक अपग्रेड हब