
Narsinghpur News : आशीष कुमार खरे नरसिंहपुर। नईदुनिया । तेंदूखेड़ा तहसील के नांदिया गांव में अपने आश्रम साकेतधाम की आड़ में ढोंगी बाबा धरमदेव उर्फ धर्मेंद्रदास नशे के अवैध कारोबार के साथ ही महिलाओं को चंगुल में फंसाकर उनका दैहिक शोषण भी करता था। इस दौरान उसने सभी की अश्लील फिल्में बनाईं, अश्लील सेल्फी ली, ताकि उन्हें ब्लैकमेल किया जा सके। दो किलो गांजा रखने के मामले में जेल भेजे गए धर्मेंद्रदास की महिलाओं के साथ अश्लील तस्वीरें और वीडियो पुलिस को मिले हैं।
वह करीब 50 से अधिक महिलाओं-युवतियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है। महिलाओं-युवतियों की अश्लील फिल्म, अश्लील सेल्फी से संबंधित पुलिस को जो डाटा मिला है, वह कुल 26 एमबी का बताया जा रहा है। हालांकि ढोंगी बाबा के मोबाइल में इस तरह का करीब 10 जीबी डाटा था, लेकिन उसने गिरफ्तारी की भनक लगने पर इसे डिलीट कर दिया है। पुलिस डिलीट हुए डाटा को रिकवर करने का भी प्रयास कर रही है।
सेवादारों को लिया हिरासत में
धर्मेंद्रदास के करीबी रहे सेवादारों व चेलों को गुरुवार को सुआतला पुलिस ने हिरासत में लिया है। महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने भी अश्लील वीडियो, फोटो में शामिल महिलाओं-युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।
कई राज्यों में फैलाए थे पैर
इस ढोंगी की ख्याति जिले से निकलकर बिहार, उप्र, गुजरात तक फैल गई थी। उसने अपने प्रचार के लिए खास चेले नियुक्त किए थे, जो ढोंगी की कथित सिद्धियों का प्रचार करते थे। करीब एक हफ्ते पहले ढोंगी के मोबाइल का डेटा किसी को दिखाने के चक्कर में लीक हो गया था।
इनका कहना है
धर्मेंद्रदास के द्वारा बनाए अश्लील वीडियो-फोटोग्राफ्स मिले हैें। महिला जांच अधिकारियों की टीम वीडियो-फोटो में शामिल महिलाओं की पड़ताल कर रही है। ये देखा जा रहा है कि आखिर इसमें नाबालिग कितनी हैं। जल्द ही जांच पूरी होगी, जिसके बाद आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
- राजेश तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नरसिंहपुर