
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले में करीब 35 लाख रुपए के जेवरात की लूट से हड़कंप मच गया। सोमवार रात सुआतला थाना क्षेत्र के रिपटा पुल पर बदमाशों ने श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक सौरभ सोनी पर हमला कर दिया। आंखों में मिर्ची डालने के बाद लाठियों से बेरहमी से पीटा और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। एसपी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।
पीड़ित सौरभ सोनी के मुताबिक, वह राजमार्ग स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिपटा पुल के पास बदमाशों ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्ची डाल दी और लाठियों से हमला कर दिया। सिर, हाथ और पैर में चोटें पहुंचाने के बाद बदमाशों ने बैग छीनने की कोशिश की।
सौरभ ने बैग नहीं छोड़ा तो आरोपियों ने दोबारा मारपीट की और बैग छीनकर भाग निकले। बैग में गिरवी रखे जेवरात के अलावा ग्राहकों के मरम्मत के लिए आए आभूषण भी रखे थे। लूटे गए जेवरात की कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- रतलाम में PPE किट पहनकर आए तीन चोर, दुकान से उड़ाए 2 लाख के गहने और नकदी, देखें Video
वारदात की गंभीरता को देखते हुए नरसिंहपुर एसपी रात में घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि एसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।