
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। अपने गुरु स्थान झोतेश्वर प्रवास पर पहुंचे ज्योतिष्पीठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सनातन धर्म, युवाओं और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सनातन को बढ़ाने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर सनातन धर्म के दोनों गुरुओं की अवहेलना हो रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन की बात करते हैं, उन्हें पहले सनातन के गुरुओं का सम्मान करना चाहिए।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने नेताओं और अन्य लोगों द्वारा सनातन धर्म की व्याख्या किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान राम को भगवान नहीं मानते और डंडे को गुरु मानने की बात करते हैं, वे सनातन धर्म को क्या बढ़ावा देंगे।
युवाओं और जैन समाज से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस देश के नौजवानों के हाथ में भविष्य सौंपा जाना है, आज उसी नौजवान को कुचला जा रहा है। उन्होंने युवाओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए।
इस दौरान चुनाव आयोग को लेकर भी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थानों की भूमिका और कार्यप्रणाली पर सवाल उठने पर जवाब मिलना चाहिए। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान के बाद सनातन, युवाओं और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे चर्चा में आ गए हैं।
यह भी पढ़ें- रसिकदुलारी की मां बोलीं-फौजी बनना था, संत बन गया; दो साल से नहीं मिली अब देख रही चिता जलते