
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। शहर के मुख्य बाजार स्थित प्रकाश मोबाइल शॉप में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन पार कर दिए। गाडरवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई इस बड़ी वारदात में अज्ञात चोर दुकान के अंदर घुसकर करीब दो दर्जन से अधिक कीमती मोबाइल फोन ले उड़े। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप व्याप्त है।
यह घटना 30 सितंबर की रात की है, जिसकी पूरी वारदात दुकान में स्थापित सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार को घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया, जिसमें रात करीब एक बजे चोर दुकान के भीतर घुसे।
दुकान संचालक की शिकायत दर्ज होने के पश्चात पुलिस ने मामले की गहन छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस दुकान व आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपितों का सुराग लगाया जा सके।
थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पतासाजी जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर चोरी गए मोबाइलों की बरामदगी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में झाड़ू लगाने को लेकर महिलाओं में विवाद, दोस्त के साथ रची मौत की साजिश; दो गिरफ्तार