
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर में एक किसान से अभद्रता और मारपीट के आरोप के बाद जमकर हंगामा हुआ। झामर गांव निवासी किसान गोविंद सिंह पटेल उपज बेचने के लिए मंडी पहुंचे थे। आरोप है कि अनाज मिलाने से रोकने के दौरान मंडी में पदस्थ आउटसोर्स महिला कर्मचारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए चप्पल से प्रहार किया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंडी परिसर में मौजूद अन्य किसान एकत्र हो गए और विरोध जताते हुए मंडी सचिव के नाम शिकायत पत्र सौंपा। सूचना मिलने पर स्टेशनगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिससे काफी देर तक मंडी में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
मंडी सचिव देवेंद्र ठाकुर के अनुसार किसानों की शिकायत के बाद किसान और महिला कर्मचारी के बीच आपसी समझौता हो गया। महिला कर्मचारी ने माफी मांग ली, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
उधर, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने इस घटना की निंदा करते हुए संबंधित कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष विमलेश पटेल ने जिला प्रशासन से मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया। वहीं मंडी सचिव देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि कर्मचारी के आचरण को लेकर संबंधित आउटसोर्स कंपनी को पत्र लिखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में संविधान रक्षा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लोग भूले जिम्मेदारी, पीछे छोड़ गए कचरे का ढेर