
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। नीमच में जल्द एयरपोर्ट शुरू होगा और लोग हवाई यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा शहर में खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा और सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम बनाया जाएगा। यह घोषणा एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की।
एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को नीमच जिले के संक्षिप्त प्रवास पर आए। उन्होंने शहर के गोमा बाई रोड पर सीएसवी अग्रसोहा भवन में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित अभिनंदन समारोह में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और कहा कि देश व प्रदेश उनके नेतृत्व में निरंतर विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंच से जिले के खिमला में गांधी सागर अभ्यारण्य में मादा चीता को छोड़ने की बात कही। जिले को धार्मिक के साथ प्राकृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम को विधायक दिलीप सिंह परिहार, अनिरुद्ध माधव मारू, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने भी संबोधित किया। जिला पंचायत नीमच के अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी राजेश व्यास सहित अन्य विशेष रूप से मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- कटनी की पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया मामले में अब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष बेंच करेगी हाईकोर्ट में सुनवाई