
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। तस्करों और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की टीम में जबर्दस्त फायरिंग हुई है। गोलियों की बौछार के बीच सीबीएन टीम ने हाईवे से ग्रामीण क्षेत्र तक करीब आठ किलोमीटर पीछा कर एक लोडिंग वाहन को टायर में गोली मारकर रोका लेकिन तस्कर गोलियां चलाते हुए भागने में सफल रहे। लोडिंग वाहन से 1349 किलो से ज्यादा डोडाचूरा और 580 ग्राम अफीम जब्त की गई है। एक राइफल और दो कारतूस भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई छह जुलाई को तड़के की बताई जाती है।
सीबीएन के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोडिंग वाहन से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जाने वाली है। इस सूचना के आधार पर टीम ने पांच-छह जुलाई की मध्य रात महू-नसीराबाद हाईवे के मालखेड़ा फंटे पर नाकाबंदी की। सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन में सवार तस्करों ने सीबीएन टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बैरिकेड तोड़कर भागने का प्रयास करने लगे।
तस्करों द्वारा सीबीएन टीम पर लगातार फायरिंग की जा रही थी, जिसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद सीबीएन टीम ने जवाबी कार्रवाई की। टीम ने लोडिंग वाहन का पीछा कर टायर में गोली मारकर उसे रोकने का प्रयास किया। आठ किलोमीटर तक पंचर वाहन के साथ तस्करों ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद वाहन ग्राम दूदरसी में बालाजी रेस्टोरेंट के सामने रुक गया।
वाहन के रुकने पर दो तस्कर पिस्टल से सीबीएन टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग निकले। तलाशी लेने पर लोडिंग वाहन से करीब 64 कट्टों में भरा 1349 किलो 910 ग्राम डोडाचूरा और 510 ग्राम अफीम मिली। वाहन से 315 बोर की स्पोर्टिंग राइफल और दो कारतूस व पांच खाली खोखे भी मिले।
यह भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव: राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने के बाद कांग्रेस में पत्नी के नाम पर चर्चा, BJP से नरोत्तम मिश्रा तैयार