
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच जिले के होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। आरोपी कमांडेंट द्वारा यह रिश्वत सैनिक महेश थोरेचा से आरटीओ बैरियर नयागांव पर तैनाती के एवज में हर महीने मांगी जा रही थी।
लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन से मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन, विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष उपस्थित होकर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया था कि होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान, कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से आरटीओ बैरियर नयागांव पर ड्यूटी लगाने के एवज में 3,000 रुपये प्रतिमाह की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन द्वारा इस शिकायत का सत्यापन निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से कराया गया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने आज (12 नवंबर 2026) नीमच के कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय में ट्रैप आयोजित किया।
कार्रवाई के दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को आवेदक महेश थोरेचा से 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली लोकायुक्त टीम में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा और आरक्षकगण उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा तथा एलडीसी रश्मि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- MP नगरीय निकाय खरीदी घोटाला; 392 अफसर रडार पर, अब लोकायुक्त बढ़ाएगा जांच का दायरा
लोकायुक्त संगठन लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य को करने के लिए रिश्वत की मांग करता है, तो लोकायुक्त उज्जैन के शासकीय दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- वेतन 65 लाख, संपत्ति 3.4 करोड़, लोकायुक्त की रेड में सहकारी समिति प्रबंधक के पास मिली अपार दौलत