
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच/मनासा। जिले के मनासा विकासखंड के ग्राम बख्तुनी में एक हृदय विदारक घटनाक्रम हुआ है। एक युवक ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटा, इसके बाद घर में जाकर खुद ने फांसी लगाकर जान दे दी। कुल्हाड़ी से हत्या के घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शी मृत महिला की 12 वर्षीय बेटी है, जो वारदात के दौरान मां के साथ सो रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
यह दिल दहला देने वाला हृदय विदारक घटनाक्रम सोमवार सुबह 5 से 7 बजे के बीच का बताया जाता है। जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम बख्तुनी में पारिवारिक क्लेश में यह घटनाक्रम होने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम बख्तुनी की संतोष बाई आयु 33 वर्ष घर के आंगन में 12 वर्षीय बेटी नीरू के साथ सो रही थी, तभी सोमवार सुबह लगभग 5 बजे संतोष बाई का पति जयलाल भील आयु 35 वर्ष पहुंचा और उसने संतोष बाई के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे संतोष बाई की मौत हो गई।
मां संतोष बाई की चीख-पुकार सुनकर बेटी नीरू मौके से भागकर नजदीक ही रहने वाली बड़ी मां कारी बाई के घर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी दी। इसी बीच जयलाल भील ने घर में जाकर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो संतोष बाई का शव घर के आंगन में पड़ा था और कुल्हाड़ी के वार से गला कटा हुआ था। खून बह रहा था। वहीं जयलाल का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर मनासा थाने की कंजार्डा चौकी प्रभारी एसआई श्याम कुमावत मय बल के मौके पर पहुंचे और मामला जांच में लिया। संतोष बाई व जयलाल के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव स्वजनों के सुपुर्द किए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। अब तक घटनाक्रम का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस और स्वजन घटना का कारण पारिवारिक क्लेश को मान रहे हैं।
यह भी पढ़ें- MP सरकार का बड़ा फैसला, बैगा, सहरिया और भारिया जनजाति के एक-एक गांव को 'आदर्श' बनाएगी सरकार
संतोष बाई व जयलाल के दो बच्चे 12 वर्षीय पुत्री नीरू और एक 10 वर्षीय पुत्र हैं। संतोष बाई का मायका नजदीक के गांव गोठड़ा में हैं। पिता जयलाल भील द्वारा माता संतोष बाई की हत्या किए जाने की घटना 12 वर्षीय बेटी नीरू ने देखी।
इस घटना से सहमी नीरू ने मौके से भागकर बड़ी मां कारी बाई व गांव को चौकीदार को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। माता-पिता की मौत के बाद दोनों बच्चे बड़ी मां कारी बाई व स्वजनों के पास हैं, वे ही उनकी देखरेख कर रहे हैं।
पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुद फांसी लगाकर जान दे दी है। महिला की हत्या की वारदात को उसकी 12 वर्षीय बेटी ने देखा है। बेटी व अन्य स्वजनों के अनुसार संतोष बाई व जयलाल में पारिवारिक कलेश होते रहते थे। संभवत: इसी पारिवारिक कलेश में यह घटना हुई है। मामले में जांच की जा रही है।- राजेश व्यास, एसपी नीमच