
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। शहर के समीप ग्राम जमुनिया कला में एक मीडियाकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से बहुप्रसारित हुए हैं। मारपीट और विवाद के बाद मीडियाकर्मी और दूसरा पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने शिकायत को जांच में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटनाक्रम गुरुवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच का बताया जाता है।
ग्राम जमुनिया कला के कन्हैयालाल शर्मा मीडिया जगत से जुड़े हैं और पिछले लंबे समय से जमुनिया कला तालाब की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम का उपयोग कर जानकारी भी संग्रहित की। गुरुवार सुबह वे गांव में ही सरपंच विनोद जायसवाल से चर्चा कर रहे थे, इसी दौरान तीन से चार लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने कन्हैयालाल शर्मा से विवाद कर मारपीट की। इस दौरान उन्हें धमकाया भी गया।
कन्हैयालाल शर्मा का आरोप है कि गांव के तालाब की जमीन पर कुछ लोगों ने मकान बनाकर लाखों की सरकारी जमीन पर कब्जा किया है। इन्हीं लोगों ने मारपीट की है। शर्मा के अनुसार दूसरे पक्ष के हरीश, प्रदीप और संजय ने मारपीट की है।
यह भी पढ़ें- भिंड में बाइक की किस्त मांगने पर तीन भाइयों से मारपीट, बाजार जाते समय रास्ते में रोककर बेल्ट से पीटा
वहीं दूसरे पक्ष ने भी नीमच सिटी थाने पर पहुंचकर शिकायत की है। नीमच सिटी टीआइ विजय सागरिया ने शिकायत को जांच में लिया है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की बात कही है। जमुनिया कला में हुए विवाद और मीडियाकर्मी से मारपीट के वीडियो बहुत तेजी से इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहे हैं।